बॉलीवुड की ‘लेडी कॉप’ रानी मुखर्जी एक बार फिर बड़े पर्दे पर एसीपी शिवानी शिवाजी रॉय बनकर लौटी हैं। अपनी सुपरहिट फ्रैंचाइजी ‘मर्दानी 3’ के साथ रानी ने सिनेमाघरों में धमाकेदार एंट्री तो की, लेकिन अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों ने फिल्म की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। अभिरज मीनावाला के निर्देशन में बनी यह कॉप ड्रामा अपराधियों के छक्के छुड़ाने में तो कामयाब रही, लेकिन कलेक्शन के मामले में अब इसके पसीने छूट रहे हैं।
दूसरे हफ्ते में गिर गई ‘मर्दानी 3’ की रफ्तार
30 जनवरी को रिलीज हुई ‘मर्दानी 3’ को पहले हफ्ते में दर्शकों का ठीक-ठाक प्यार मिला। लेकिन जैसे ही फिल्म ने दूसरे हफ्ते में कदम रखा, इसकी कमाई का ग्राफ नीचे की ओर झुक गया। ताजा जानकारी के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे शुक्रवार (8वें दिन) को अपने रिलीज के बाद से अब तक का सबसे कम कलेक्शन दर्ज किया है।
8वें दिन का कलेक्शन: 30 करोड़ की राह हुई मुश्किल
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क (Sacnilk) की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, ‘मर्दानी 3’ ने दूसरे शुक्रवार को केवल 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। अगर पिछले दिनों से तुलना करें, तो फिल्म ने बुधवार को 2.1 करोड़ और गुरुवार को 1.85 करोड़ की कमाई की थी। इस गिरावट के बाद अब फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 28.05 करोड़ रुपये हो गया है। 30 करोड़ का आंकड़ा जो कभी आसान लग रहा था, अब फिल्म के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
मर्दानी 3 का डे-वाइज बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट कार्ड
फिल्म की शुरुआत अच्छी थी, लेकिन सोमवार से ही गिरावट का दौर शुरू हो गया:
- पहला दिन: 4 करोड़ रुपये
- दूसरा दिन: 6.25 करोड़ रुपये
- तीसरा दिन: 7.25 करोड़ रुपये
- चौथा दिन: 2.25 करोड़ रुपये
- पांचवां दिन: 2.6 करोड़ रुपये
- छठा दिन: 2.1 करोड़ रुपये
- सातवां दिन: 1.85 करोड़ रुपये
- आठवां दिन: 1.75 करोड़ रुपये (अनुमानित)
- कुल कलेक्शन: 28.05 करोड़ रुपये
‘बॉर्डर 2’ और नई फिल्मों ने बढ़ाई रानी की मुसीबत
बॉक्स ऑफिस पर रानी मुखर्जी की टक्कर किसी छोटे-मोटे स्टार से नहीं, बल्कि सनी देओल की महा-ब्लॉकबस्टर ‘बॉर्डर 2’ से हो रही है। सनी पाजी के जबरदस्त क्रेज के सामने ‘मर्दानी 3’ को स्क्रीन और दर्शक दोनों की कमी खल रही है। रही-सही कसर नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की नई फिल्म ‘वध 2’ ने पूरी कर दी है, जिसने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है।
आने वाले दिनों में ‘ओ रोमियो’ और ‘दो दीवाने शहर में’ जैसी फिल्में भी कतार में हैं। ऐसे में 2026 की सफल फिल्मों की लिस्ट में जगह बनाने के लिए शिवानी शिवाजी रॉय को बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा चमत्कार करना होगा।