अचानक चमकी किस्मत और बदल गया प्लान
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के लिए टी20 विश्व कप 2026 में जगह बनाना किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। सिराज न केवल मुख्य 15 सदस्यीय टीम से बाहर थे, बल्कि उन्हें टी20 फॉर्मेट की भविष्य की योजनाओं में भी नहीं देखा जा रहा था। लेकिन कहते हैं न कि किस्मत को जो मंजूर होता है, वही होता है। पहले हर्षित राणा के चोटिल होने पर उन्हें बैकअप के तौर पर बुलाया गया और फिर अचानक जसप्रीत बुमराह को तेज बुखार होने के कारण उन्हें प्लेइंग-11 में मौका मिल गया। सिराज ने इस मौके का ऐसा फायदा उठाया कि अमेरिका के खिलाफ 3 विकेट लेकर भारत को जीत दिला दी।
सूर्या का वो फोन: “मियां बैग पैक करो”
सिराज ने एक दिलचस्प वाकया साझा किया कि कैसे उनकी टीम में एंट्री हुई। उन्होंने बताया, “मैं उस समय हैदराबाद के लिए रणजी ट्रॉफी खेल रहा था और मेरा प्लान 15 फरवरी को स्पेन जाकर रियल मैड्रिड का फुटबॉल मैच देखने का था। तभी अचानक कप्तान सूर्यकुमार यादव का फोन आया। उन्होंने कहा- ‘मियां, बैग पैक कर और तुरंत मुंबई आजा।’ मुझे लगा सूर्या भाई मजाक कर रहे हैं। मैंने उनसे कहा कि भाई मजाक मत करो, ये संभव नहीं है। लेकिन उन्होंने कहा कि मैं सच बोल रहा हूं, तैयार हो जा।” इसके तुरंत बाद चयनकर्ता प्रज्ञान ओझा का फोन आया और सिराज की किस्मत का ताला खुल गया।
फुटबॉल के चक्कर में थे, क्रिकेट ने बुलाया
सिराज ने बताया कि वह ब्रेक के दौरान फुटबॉल के प्रति अपने जुनून को पूरा करने वाले थे। उन्होंने कोचिंग स्टाफ के सदस्य आंद्रियान ली रोउक्स के मैसेज का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने आराम करने और स्पेन जाने की तैयारी कर ली थी। सिराज ने भावुक होते हुए कहा, “मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था कि मेरी वापसी हो रही है। पिछले एक साल से मैं टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल रहा था और मुझे लगा था कि मैं विश्व कप टीम का हिस्सा कभी नहीं बन पाऊंगा। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”
मैदान पर सिराज का कहर
सिराज ने न केवल टीम में वापसी की, बल्कि अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में अपनी गेंदबाजी से कोहराम मचा दिया। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में केवल 29 रन खर्च किए और 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। सूर्यकुमार यादव की शानदार बल्लेबाजी के बाद सिराज की धारदार गेंदबाजी ही थी, जिसने भारत को 29 रनों से जीत दिलाने में मदद की। अब सिराज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का एक अहम हिस्सा बन चुके हैं और नामीबिया के खिलाफ अगले मैच में भी उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है।