“पापा, आज मेरी अजित पवार के साथ फ्लाइट है… आपसे बात कराऊंगी।” उत्तर प्रदेश के जौनपुर की बेटी पिंकी माली ने मंगलवार को अपने पिता शिव कुमार से फोन पर बड़े गर्व के साथ यह बात कही थी। पिता खुश थे कि उनकी बेटी आसमान की ऊंचाइयों को छू रही है, लेकिन उन्हें क्या पता था कि बेटी की यह मुस्कुराहट और यह आवाज अब हमेशा के लिए खामोश होने वाली है। अगले ही दिन बुधवार को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ हुए दर्दनाक प्लेन क्रैश में पिंकी की भी मौत हो गई।
बारामती में लैंडिंग के वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
पिंकी माली उस चार्टर्ड विमान में केबिन क्रू (फ्लाइट अटेंडेंट) के तौर पर तैनात थीं, जो बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इस हादसे ने न केवल महाराष्ट्र की सियासत को हिला दिया, बल्कि उन पांच परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया जिन्होंने इस क्रैश में अपनों को खोया है। विमान में सवार अजित पवार, उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और पिंकी माली समेत सभी 5 लोगों की जान चली गई।
जौनपुर के गांव में पसरा सन्नाटा, मुंबई में टैक्सी चलाते हैं पिता
पिंकी मूल रूप से जौनपुर जिले के केराकत तहसील के भैंसा गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार पिछले 30-35 सालों से मुंबई में बस गया था। उनके पिता शिव कुमार माली मुंबई में टैक्सी चलाते हैं और शिवसेना से भी जुड़े हुए हैं। पिंकी मुंबई के वरली इलाके में रहती थीं। उनके भाई करन ने बताया कि बुधवार सुबह पिंकी ने फोन कर बताया था कि वह बारामती से नांदेड़ जा रही है, लेकिन उसके बाद सिर्फ उसकी मौत की खबर आई।
“मम्मी, दवा खा लो…” अब नहीं आएगी वो आवाज
पिंकी की मां माया माली का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि पिंकी हर सुबह फोन करके उनका हाल पूछती थी और कहती थी, “मम्मी, नाश्ता कर लो, दवा खा लो।” हादसे वाले दिन न फोन आया न मैसेज, जिससे मां का मन पहले से ही घबरा रहा था। पिंकी अक्सर बड़े नेताओं जैसे देवेंद्र फडणवीस और नारायण राने के साथ भी फ्लाइट में ड्यूटी करती थी। परिवार को अपनी बेटी की कामयाबी पर बहुत गर्व था, लेकिन एक झटके में सब कुछ उजड़ गया।
कैसे हुआ हादसा?
महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक, यह हादसा बुधवार सुबह करीब 8.45 बजे हुआ। विमान बारामती के रनवे-11 पर लैंड करने की कोशिश कर रहा था। पहली कोशिश में रनवे साफ नहीं दिखने पर पायलट विमान को फिर से ऊंचाई पर ले गया। दूसरी बार जब लैंडिंग की कोशिश की गई, तो विमान रनवे से फिसल गया और उसमें भीषण आग लग गई। पिंकी के परिजनों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है ताकि पता चल सके कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या किसी और कारण से।