असम की राजनीति में जुबानी जंग एक नए स्तर पर पहुँच गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के एक ताजा बयान पर ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने तीखा पलटवार किया है। अजमल ने न केवल मुख्यमंत्री को चेतावनी दी है, बल्कि आगामी चुनावों को लेकर बड़ी भविष्यवाणी भी कर दी है। इस बयान के बाद असम की सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री से हाथ जोड़कर अपील और चेतावनी
बदरुद्दीन अजमल ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपने शब्दों पर गौर करना चाहिए। अजमल ने कहा, “मैं उनसे हाथ जोड़कर कहूंगा, हिमंत बिस्वा सरमा, कृपया अपने शब्द वापस ले लें। सत्ता के लालच में आप इस तरह मुसलमानों का अपमान कर रहे हैं, जो सही नहीं है।” उन्होंने साफ लहजे में कहा कि किसी भी समुदाय को इस तरह निशाना बनाना एक मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता।
‘मियां’ लोग डुबो देंगे बीजेपी की नाव!
अजमल यहीं नहीं रुके, उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधे तौर पर चुनावी चुनौती भी दे डाली। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हिमंत बिस्वा सरमा ने अपना रवैया नहीं बदला, तो इस बार असम के ‘मियां’ समुदाय के लोग उनकी राजनीतिक नैया डुबो देंगे। अजमल का दावा है कि सत्ता के लिए जिस तरह से ध्रुवीकरण की कोशिश हो रही है, उसका जवाब जनता वोट से देगी।
बीजेपी की हार का दावा
चुनावों पर बात करते हुए AIUDF चीफ ने बड़ा दावा किया कि इस बार बीजेपी के लिए राह आसान नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अगर हिमंत बिस्वा सरमा इसी तरह के बयानों के साथ चुनाव लड़ते हैं, तो बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा। अजमल के अनुसार, जनता अब अपमान की राजनीति को समझ चुकी है और इस बार चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले होंगे।