भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती दोस्ती ने सीमा पार पाकिस्तान में खलबली मचा दी है। अमेरिका द्वारा भारत पर टैरिफ (आयात शुल्क) कम किए जाने की खबर ने पाकिस्तानियों को इस कदर चिढ़ा दिया है कि अब वे अजीबोगरीब दावे करने लगे हैं। पाकिस्तानी एक्सपर्ट कमर चीमा का कहना है कि पूरे एशिया में सबसे कम टैरिफ भारत पर लगाया गया है। उनका दावा है कि भारत ने जानबूझकर अमेरिका से सेटिंग की होगी ताकि उनका टैरिफ पाकिस्तान से कम से कम 1 प्रतिशत कम रहे। फिलहाल पाकिस्तान पर 19 प्रतिशत टैरिफ लागू है, जबकि भारत के लिए इसे घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है।
ट्रंप के ऐलान से पाकिस्तान में मातम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (2 फरवरी, 2026) को एक बड़ा धमाका करते हुए भारत के साथ लंबे समय से अटकी ट्रेड डील को मंजूरी दे दी। ट्रंप ने भारत पर लगने वाले टैरिफ को 50 प्रतिशत से भारी कटौती करते हुए सीधे 18 प्रतिशत पर ला दिया है। इस पर कमर चीमा ने तंज कसते हुए कहा, “इंडियंस ने ट्रंप से पक्का ये कहा होगा कि हम डील तो करेंगे, लेकिन हमें पाकिस्तान से 1 परसेंट नीचे जरूर रखना। हमें उनके बराबर नहीं रहना है। मैं 100 परसेंट यकीन के साथ कह सकता हूं कि इसीलिए 18 परसेंट टैरिफ लगा है।”
एशियाई देशों की तुलना में भारत सबसे आगे
कमर चीमा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि इंडोनेशिया पर 19, थाईलैंड पर 19, बांग्लादेश पर 20, वियतनाम पर 20 और चीन पर तो 34 प्रतिशत टैरिफ है। लेकिन भारत को 18 प्रतिशत पर रखकर अमेरिका ने उसे एशिया में सबसे खास बना दिया है। इतना ही नहीं, व्हाइट हाउस ने यह भी साफ कर दिया है कि रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर जो 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगा था, उसे भी अब हटा लिया जाएगा। यानी अब भारत के लिए फाइनल टैरिफ सिर्फ 18 परसेंट ही रह जाएगा, जिसे देख पाकिस्तानी एक्सपर्ट्स के चेहरे उतर गए हैं।
यूरोपीय देशों के साथ डील ने पलटा पासा
पाकिस्तानी एक्सपर्ट का मानना है कि भारत ने हाल ही में यूरोपियन यूनियन (EU) के साथ जो फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) किया है, उसने अमेरिका को मजबूर कर दिया। 27 जनवरी को भारत ने ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ साइन की थी, जिसके तहत भारत 27 यूरोपीय देशों के बाजारों में जीरो या बहुत कम टैक्स पर सामान बेच सकेगा। अमेरिका को डर था कि अगर वह पीछे रहा तो भारतीय बाजार और व्यापार उसके हाथ से निकल जाएगा। इसी ‘कंपटीशन’ की वजह से ट्रंप प्रशासन ने भारत को इतनी बड़ी रियायत दी है।
मोदी-ट्रंप की दोस्ती का चला जादू
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट के जरिए पीएम मोदी को अपना “बहुत अच्छा दोस्त” बताया है। उन्होंने कहा कि भारत अब वेनेजुएला और अमेरिका से तेल खरीदेगा और दोनों देशों की यह दोस्ती इसी तरह बरकरार रहेगी। कमर चीमा के मुताबिक, यह बहुत ही दिलचस्प स्थिति है कि जहां एक तरफ अमेरिका दुनिया पर सख्ती कर रहा है, वहीं भारत के लिए उसने अपने दरवाजे और दिल दोनों खोल दिए हैं।